कैथल। अर्जुन नगर निवासी युवक के क्रेडिट कार्ड से दोस्तों ने ही शाॅपिंग और अन्य खर्च कर 14 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली। जब उनसे रुपये वापस मांगे गए तो देने से मना कर दिया। इसे लेकर पीड़ित ने पुलिस को शिकायत की है। पुलिस ने तीन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
पुलिस को दी शिकायत में अर्जुन नगर कैथल निवासी प्रदीप कुमार ने बताया कि उसके पास नौ बैंकों के क्रेडिट कार्ड हैं। इस बारे में उसके दोस्त मनीष गर्ग को जानकारी थी। उसने कहा कि अपने क्रेडिट कार्ड के माध्यम से पैसे कमा सकता है। मनीष गर्ग ने अपने मित्र सारांश जैन से बात करवाई। उसने फरवरी 2026 में मेरा क्रेडिट कार्ड लेकर कार्ड की डिटेल व ओटीपी मांगे।
उसने मार्च 2026 को उसके आईसीआईसीआई बैंक के क्रेडिट कार्ड, एक्सिस बैंक व एचडीएफसी बैंक कार्ड की डिटेल व ओटीपी मांगे। 26 मार्च को उसके एसबीआई बैंक कार्ड से 49803 रुपये, एचडीएफसी बैंक के क्रेडिट कार्ड से 42999 रुपये और एक्सिस बैंक कार्ड से 49799 रुपये और आईसीआईसीआई बैंक के पांच क्रेडिट कार्ड से 4,48,000 रुपये कुल राशि 5,90,601 रुपये की आरोपियों ने खरीदारी की।