कैथल। रक्षाबंधन पर्व पर निशुल्क यात्रा के लिए विभाग ने कमर कस ली है। महिलाओं के लिए सरकारी बसों में 36 घंटे के लिए मंगलवार दोपहर 12 बजे से निशुल्क यात्रा की सुविधा दी जाएगी।
रोडवेज विभाग ने तैयारियां पूर कर ली हैं। वहीं, रोडवेज प्रबंधन का कहना है कि जरूरत के अनुसार रूटों पर बसों की संख्या को बढ़ाया जाएगा। साथ ही 30 कर्मचारियों को उन स्थानों पर ड्यूटी पर तैनात किया जहां पर रोडवेज के चालक व परिचालक बसों को नहीं रोकते हैं। बता दें कि इस बार रोडवेज के कैथल डिपो के बेड़े में 180 बसें हैं।
बस अड्डा के संस्थान प्रबंधक रोहताश जांगड़ा ने बताया कि जरूरत के अनुसार ही सभी रूटों पर बसों का संचालन किया जाएगा। डीसी जगदीश शर्मा ने कहा कि सरकार ने महिलाओं को रक्षाबंधन का तोहफा देते हुए हरियाणा परिवहन की बसों में इस वर्ष भी मुफ्त यात्रा सुविधा देने का निर्णय लिया है ताकि बहनें अपने भाइयों के घर जाकर उन्हें राखी बांध सकें। डीसी ने कहा कि हरियाणा राज्य परिवहन जनहित में पिछले कई वर्षों से रक्षाबंधन के मौके पर महिलाओं को मुफ्त यात्रा सुविधा दे रहा है। संवाद