पूंडरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों की जनसेवा की यात्रा को समर्पित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत वीरवार को पूंडरी के इनडोर-आउटडोर स्टेडियम में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लोगों को विभिन्न स्वास्थ्य जांच, परामर्श एवं जागरूकता सेवाएं उपलब्ध करवाई गईं। कार्यक्रम में पूंडरी के विधायक सतपाल जाम्बा ने शिरकत की और स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर में तैनात चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों से उपलब्ध करवाई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। विधायक ने शिविर में पहुंचे लोगों से बातचीत कर स्वास्थ्य जांच एवं उपचार संबंधी सुविधाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। शिविर में मोतियाबिंद की जांच और ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग के साथ-साथ गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग की गई। इसमें उच्च रक्तचाप, मधुमेह आदि की जांच, स्वास्थ्य संबंधी परामर्श तथा आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं शामिल रहीं। इसके अतिरिक्त शिविर स्थल पर एचआईवी, नशामुक्ति और टीबी के प्रति भी जागरूक किया गया।