कैथल। खाटू श्याम और सालासर धाम के लिए संचालित निःशुल्क बस सेवा के तहत गतदिवस चौथी बस को विधायक आदित्य सुरजेवाला ने श्याम ध्वज लहराकर रवाना किया। इस मौके पर भारी संख्या में श्याम भक्त उपस्थित रहे जिन्होंने आदित्य सुरजेवाला को पटका और श्याम टोपी पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया।
यह बस सेवा पूरी तरह निःशुल्क है, जिसमें श्रद्धालुओं के रहने, खाने, पीने और आने-जाने की संपूर्ण व्यवस्था की गई है। विधायक आदित्य सुरजेवाला ने बताया कि आने वाले महीनों में हरिद्वार के लिए भी निःशुल्क बस सेवा शुरू की जाएगी, ताकि श्रद्धालु गंगा स्नान व धार्मिक स्थलों के दर्शन आसानी से कर सकें। सुरजेवाला ने कहा कि खाटू श्याम और सालासर धाम पर जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है, और इस निःशुल्क सेवा से हजारों लोगों को लाभ मिलेगा। कार्यक्रम के अंत में श्याम भक्तों ने सुरजेवाला परिवार के इस जनसेवा कार्य की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। इस मौके पर नगर पार्षद महेश गोगिया, दुष्यंत शर्मा, डॉ. रामभगत वर्मा, श्याम सैनी, रामफल नौच, रिंकू वर्मा, कविश मिढ़ा , अनुज शर्मा व राजेन्द्र शर्मा बलवन्ती सहित अन्य साथी मौजूद रहे।