कैथल। शहर के सेक्टर-19 निवासी आढ़ती से साइबर ठगों ने खुद को बैंक अधिकारी बताकर 1.57 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली। शिकायतकर्ता के अनुसार ठगों ने पहले इंटरनेशनल एयरपोर्ट लाउंज सुविधा सक्रिय होने का झांसा दिया और फिर एपीके फाइल डाउनलोड कराकर स्क्रीन शेयर के माध्यम से ओटीपी हासिल कर क्रेडिट कार्ड से तीन ट्रांजेक्शन कर दिए।
पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर-19 निवासी नरेंद्र कुमार ने बताया कि वह कलायत मंडी में आढ़त का कार्य करता है। 27 जून को उसके पास एक मोबाइल नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को आईसीआईसीआई बैंक का अधिकारी बताते हुए कहा कि उसके क्रेडिट कार्ड पर इंटरनेशनल एयरपोर्ट लाउंज सुविधा चालू हो गई है जिसके लिए हर महीने चार हजार रुपये कटेंगे। सुविधा बंद कराने के नाम पर आरोपी ने उसे मोबाइल एप में कुछ सेटिंग बदलने को कहा।
व्हाट्सएप पर एक एपीके फाइल भेजी
इसके बाद आरोपी ने उसके पास व्हाट्सएप पर एक एपीके फाइल भेजी। फाइल उनके मोबाइल में नहीं खुली तो दोस्त के एंड्रॉयड फोन में फाइल खोलकर उसमें अपने क्रेडिट कार्ड की पूरी जानकारी दर्ज कर दी। बाद में आरोपी ने वीडियो कॉल कर स्क्रीन शेयर कराने और मैसेज बॉक्स खोलने के लिए कहा। स्क्रीन शेयर होते ही मोबाइल पर आए ओटीपी का दुरुपयोग कर आरोपियों ने 44,990 रुपये, 94,180 रुपये और 18,190 रुपये की तीन ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कर कुल 1,57,360 रुपये निकाल लिए। धोखाधड़ी का पता चलते ही उसने क्रेडिट कार्ड ब्लॉक कराया। साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद लिखित शिकायत साइबर थाना में दी गई।
शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज
साइबर थाना के जांच अधिकारी एएसआई प्रदीप कुमार ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की आगामी जांच शुरू कर दी है।