संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। कलायत थाना की पुलिस ने एक युवक को जर्मनी भेजने के नाम पर 4.10 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में तीन व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इस संंबंध में बाता गांव के अंकुश कुमार ने कलायत थाने की पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है वह अपने भाई तेजपाल को विदेश भेजने का इच्छुक था। इस संदर्भ में उसकी बातचीत उसके रिश्तेदार कमालपुर निवासी मनदीप के साथ हुई। बाद में मनदीप ने उसे कृष्ण कुमार व तेजपाल निवासी गांव तोदियाकबस तहसील बंसूर जिला अलवर (राजस्थान) से मिलवाया। आरोपियों ने उसके भाई को जर्मनी भेजने की बात कही।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने अलग-अलग तिथियों में उससे 4.10 लाख रुपये ले लिए और उसके भाई को जर्मनी की बजाय अर्मेनिया भिजवा दिया। आरोप है कि वहां पर उसके भाई को बंधक बना लिया और ज्यादा रुपये की मांग करने लगे। बाद में आरोपियों ने न तो उसके रुपये वापस किए और न ही उसके भाई को जर्मनी भिजवाया। आर्मेनिया से काफी मशक्कत के बाद वह यहां वापस पहुंच सका। थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।