संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिले के कसान निवासी एक बैंक कर्मी से स्पीड पोस्ट के माध्यम से आने वाले पासपोर्ट का कोरियर भेजने के लिए लिंक भेजकर पांच हजार रुपये की धोखाधड़ी कर ली। इस मामले में साइबर थाना की पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
साइबर थाना में दी गई शिकायत में गांव कसान निवासी अनिल कुमार ने बताया कि वह कोऑपरेटिव बैंक में रोजगार कौशल के तहत कार्यरत है। उसके भतीजे राहुल का पासपोर्ट स्पीड पोस्ट के माध्यम से आना था इसलिए उसने स्पीड पोस्ट को ट्रैक करने के लिए गूगल पर सर्च किया तो उसे एक मोबाइल नंबर मिला। इस उसने फोन किया तो स्पीड पोस्ट की कस्टमर सर्विस वाले अधिकारी ने उसे बताया कि आपका कोरियर रोक दिया गया है।
आप पांच रुपये का भुगतान करके अपने कोरियर को प्राप्त कर सकते हैं। इसके बाद उसने एक लिंक भेज कर पांच रुपये का भुगतान करने के लिए कहा, लेकिन रुपये नहीं कटे। इसके बाद शाम के समय उसके खाते से यूपीआई के माध्यम
से पांच हजार रुपये कटने का संदेश आया।
कहा कि अज्ञात ने कोरियर के नाम पर फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी बनकर फर्जी लिंक दिया और पांच हजार रुपये की धोखाधड़ी की है। साइबर थाना के एसआई शुभ्राशुं ने बताया कि अनिल कुमार की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।