कैथल। आरडी व एफडी करवाने के नाम पर 24 लाख रुपये ठगी करने के मामले में पुलिस ने आरोपी अमृतसर पंजाब निवासी मलूक सिंह व कुलदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुराना कारखाना नरवाना निवासी हरिकेश बंसल कि शिकायत अनुसार लहरका रोड अमृतसर वासी मलूक सिंह उप्पल उसके बेटे गुरप्रीत सिंह उप्पल और हरप्रीत ने सर्वोत्तम विकास सोसायटी लिमिटेड, सर्वोत्तम हाईटेक इंफ्रा लिमिटेड और सर्वोत्तम सेल्फ ग्रोथ निधि लिमिटेड के नाम से कंपनियां बना रखी हैं।
ये कंपनियां आरडी, एफडी व प्लॉट/फ्लैट की बुकिंग का काम करती हैं। आरोपियों के कहने पर वह भी इन कंपनियों के साथ मिलकर काम करने लगा। उसने गांव सजूमा के रहने वाले रामचंद्र और हरद्वारी को भी कंपनी से जोड़ दिया। तीनों ने कंपनी के साथ जुडक़र लगभग 60 लोगों की आरडी और एफडी करवा दी, जिसकी राशि करीब 24 लाख रुपये बनती है। जब उपभोक्ताओं की आरडी व एफडी परिपक्व होने को आई तो आरोपियों ने कंपनी बंद कर दी व कैथल में कार्यालय भी बंद कर दिया। इसके साथ ही उपभोक्ताओं के 24 लाख रुपये लेकर भाग गए। इस ठगी में आरोपियों का साथ उनके रिश्तेदारों ने भी दिया है, जिनमें शशि भूषण, सुखवंत सिंह, धर्मेंद्र कौर, मंदीप कौर, संजीव कुमार, कुलदीप सिंह, कर्णवीर, सौरभ महाजन व जगतजीत सिंह शामिल हैं। दोनों आरोपियों का तीन दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है।