दो व्यक्तियों से दुबई भेजने के नाम पर दिल्ली निवासी एक परिवार द्वारा छह लाख 73 हजार रुपये ठगने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत मेें रेलवे गेट निवासी उमेश ने बताया कि उसकी रेलवे गेट पर इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान है और उसका साथी नवराज सिंह डिफेंस कालोनी कैथल का निवासी है। करनाल के गांव शहदपुरा निवासी मनोज ने उन्हें दिल्ली के जनकपुरी कालोनी निवासी सरिता भटनागर से मिलवाया। 28 मई 2020 को सरिता भटनागर ने अपने आफिस दुबई में ट्रेडिंग बिजनेस में नौकरी लगवाने के लिए 20 लाख रुपये की मांग की। उन्होंने उसे कहा कि वे बीस लाख की राशि किश्तों में दे देंगे। उमेश व नवराज दोनों को दस-दस लाख रुपये देने की बात तय हो गई। उन्होंने 11 अगस्त 2020 को पंजाब नेशनल बैंक टिंबर मार्केट से 92,000/- रुपये आरोपियों द्वारा बताए गए खाते में जमा करवा दिए। इसके बाद 8 सितंबर को नवराज ने 1,25,000/-रुपये एनईएफटी के माध्यम से, 4 सितंबर को को नवराज ने 1,20,000, 5 सितंबर को उमेश ने 3 लाख रुपये और 9 अक्तूबर को नवराज ने 36,650/-रुपये खाते में जमा करवा दिए। इस तरह से कुल 6 लाख 73 हजार 650 रुपये खाता मे डलवा दिए। उसके बाद आरोपियों ने बार-बार उन्हें आश्वासन दिया और सरिता भटनागर ने नवराज को दुबई भिजवाने से मना कर दिया। इसके बाद उमेश को भी विदेश भेजने से इंकार कर दिया और रुपये लौटाने से भी इंकार कर दिया। पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर लिया है।