पूंडरी निवासी एक आढ़ती के बेटे के पासपोर्ट पर तीन आरोपियों ने किसी और को यूएसए भेज दिया। मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पूंडरी निवासी राजेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मंडी में कमिश्न एजेंट का कार्य करता है। उसका बेटा हर्ष गोयल ध्रुव पब्लिक स्कूल फतेहपुर-पूंडरी में नौंवीं कक्षा में वर्ष 2016 में पढ़ता था। स्कूल में बच्चों को एजुकेशन टूर पर ले जाने के बारे में बातचीत हुई। इस बारे में क्लिक एजुकेशन प्राइवेट लिमिटेड चंडीगढ़ ने दो लाख 50 हजार रुपये में बच्चे को भेजने की बात कही। जिसमें से 30 हजार रुपये वीजा लगने से पहले मांगे गए। क्लिक एजुकेशन प्राइवेट लिमिटेड के मालिक चेतन सभ्रवाल व मृदुल कापड़ी ने सभी बच्चों को 11 मई 2016 को यूएसए एंबेसी में वीजा के लिए इंटरव्यू करवाया। उसने उन्हें अपने बेटे का पासपोर्ट दे दिया। इसमें से 4 बच्चों का नासा टूर के लिए बी-1 बी-2 का वीजा दस वर्ष का लगा। स्कूल के किसी अध्यापक का वीजा नहीं लगने के कारण टूर नहीं जा सका। बाद में आरोपियों ने न तो बच्चों को नासा टूर भेजा न ही पासपोर्ट वापस किया। पूछताछ करने पर आरोपियों ने बताया कि बच्चे का पासपोर्ट गुम हो गया है। बाद में उन्हें पता चला कि आरोपियों ने उसके बेटे हर्ष गोयल का पासपोर्ट जालंधर निवासी बलराज सिंह व अन्य को बेच दिया। उसके बेटे के पासपोर्ट पर अन्य किसी बच्चे को अवैध रुप से विदेश भेज दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर एसआई भागीरथ को मामले की जांच सौंपी है।