गांव गुलियाना निवासी एक युवक से पुर्तगाल भेजने के नाम पर चार आरोपियों ने साढ़े 20 लाख रुपये ले लिए । मामले में युवक की माता की शिकायत पर पुलिस ने एक महिला सहित चार के खिलाफ केस दर्ज किया है।
गुलियाणा निवासी वीरमति देवी ने सिविल लाइन थाना में शिकायत दी कि पटियाला निवासी जावेद अली युवकों को विदेश भेजने का काम करता है। पांच मई 2019 को आरोपी ने महिला के बेटे सतीश को विदेश भेजने के लिए हनुमान वाटिका में कागजात और 17 लाख 50 हजार रुपये ले लिए और उसे मकाऊ पुर्तगाल भेज दिया। वहां आरोपी ने जाली दस्तावेज बनवाकर उसके बेटे को किसी कंपनी में नौकरी दिला दी। 20 जून 2019 को फिर आरोपी का साला जावेद साहिद अहमद और ससुर साहिद अहमद ने उनके घर आकर बकाया पैसे देने का दबाव बनाया। इस पर उसने तीन लाख रुपये और आरोपियों को दे दिए। करीब डेढ़ माह पहले उसके बेटे को वहां से डिपोर्ट कर दिया गया। जब उन्होंने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने नहीं दिए। शिकायतकर्ता महिला ने बताया कि इन तीनों आरोपियों सहित जावेद की पत्नी साहिन ने मिलकर उनके साथ 20 लाख 50 हजार रुपये की धोखाधड़ी की है। पुलिस ने केस दर्ज कर एसआई मनोज कुमार को मामले की जांच सौंपी है।