एक राइस मिल मालिक के साथ चावल की खरीद में 51 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस ने नंदी राइस मिल एवं जनरल मिल के मालिक रजिंद्र सिंह की शिकायत पर दिल्ली निवासी सुभाशीष उर्फ प्रिन्स अग्रवाल, राहुल अग्रवाल, नरेंद्र दलाल निवासी कुरुक्षेत्र, ऋषि निवासी तरावड़ी के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं के आरोप में मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में राजिंद्र ने बताया कि आरोपी नरेंद्र चावल को वह चावल का लेन-देन करने के मामले में कई साल से जानता है। गत 5 मई को उपरोक्त सभी आरोपी उसके मिल में आए और नरेंद्र ने दिल्ली निवासी आरोपियों से उसकी मुलाकात करवाई। आरोपी सुभाशीष व राहुल ने बताया कि उनका अग्रवाल एग्रो एक्सपोर्ट के नाम से दिल्ली में कारोबार है और वे चावल निर्यात करते हैं। इसीलिए चावल खरीदना चाहते हैं। उनके कहने के बाद ट्रांसपोर्ट के माध्यम से यह चावल आरोपियों के पास दिल्ली पहुंचा दिया। जब उन दोनों से इस चावल की 51 लाख 5 हजार 610 रुपये कीमत देने को कहा तो उन्होंने कहा कि 15 दिन में खरीद किए चावल कि राशि अदा कर देंगे। प्रार्थी को एक एक्सिस बैंक, नरेला का फर्म अग्रवाल एग्रो एक्सपोर्ट के नाम का 49 लाख रुपये का चेक दे दिया। लेकिन यह चेक बाउंस हो गया। जब उनसे संपर्क किया गया तो वे वहां से फरार हो गए। जब शेष दोनों आरोपियों से संपर्क किया तो उन्होंने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। उसने अपनी शिकायत में कहा कि आरोपी विदेश भागने की फिराक में हैं। पुलिस ने इस संबंध में सभी आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।