संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। विदेश भेजने के नाम पर करीब 17 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इस संबंध में जब पुलिस की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो पीडि़त ने पुलिस महानिदेशक को इसकी शिकायत की। वहां से आदेशों के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
सेक्टर 19 निवासी विकास मलिक की ओर से पुलिस महानिदेशक हरियाणा को दी गई शिकायत के अनुसार उसने अक्तूबर 2023 में इमिग्रेशन एजेंट के खिलाफ केस दर्ज कराया था, जिसे इकोनॉमिक सेल पुलिस लाइन कैथल में स्थानांतरित किया गया। उसके साथ दिल्ली के एजेंट चिराग शर्मा व रोमा ने 16 लाख 78 हजार 500 रुपये धोखाधड़ी की थी। पुलिस ने उसे मिलने के लिए पुलिस लाइन में बुलाया और मांगे गए दस्तावेज जैसे ईमेल,
बातचीत, बैंक विवरण, कॉल विवरण आदि जमा कर दिए।
उसे लगातार एजेंट की ओर से केस वापस लेने की धमकी भरी कॉल की जा रही है। पुलिस दूसरे पक्ष से भी इसे सुलझाने के लिए नहीं कह रही है। शिकायतकर्ता ने अनुरोध किया कि उससे 16 लाख 78 हजार 500 रुपये धोखाधड़ी करने वाले एजेंट चिराग शर्मा व रोमा के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
सिविल लाइन थाना प्रभारी शीलावंती ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।