कूपवाड़ा जम्मू-कश्मीर निवासी से अज्ञात आरोपी ने गाड़ी बेचने के नाम पर 37,349 रुपये ठग लिये। बाद में आरोपी ने खुद मैसेज करके उसे बताया कि वह धोखाधड़ी कर रहा है। मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जम्मू-कश्मीर निवासी फयाजत अहमद मीर ने सीवन थाना में शिकायत दी कि उसने ओएलएक्स पर गाड़ी खरीदने के लिए आवेदन किया था। चार फरवरी को उसके पास अज्ञात व्यक्ति ने फोन किया कि वह गाड़ी की फोटो भेज रहा है, वह गाड़ी पसंद कर ले। फोटो देखने के बाद गाड़ी लेने का सौदा एक लाख रुपये में तय हो गया। आरोपी के कहे अनुसार उसने 37349 रुपये उसके खाते में डलवा दिए। बाद में आरोपी 17 हजार रुपये और मांगने लगा तो उसने पैसे देने से इंकार कर दिया और पहले गाड़ी देने को कहा। इस पर आरोपी ने खुद उसे मैसेज किया कि वह उससे धोखाधड़ी कर रहा था। पुलिस ने केस दर्ज कर एएसआई अनिल कुमार को मामले की जांच सौंपी है।