संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। विदेश भेजकर धोखाधड़ी से रूस आर्मी में भर्ती करवाने के मामले में पुलिस ने आरोपी गांव मटौर निवासी सत्यवान उर्फ सत्ता को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के लिए पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर पांच दिन के रिमांड पर लिया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गांव मटौर निवासी अमन की शिकायत के अनुसार उसके भाई साहिल ने 12वीं कक्षा पास की हुई थी। जनवरी 2024 में सत्यवान ने उनसे संपर्क किया और कहा कि वह साहिल को रूस भेजकर वहां ट्रांसपोर्ट गाडिय़ों में बतौर हेल्पर का काम दिलवा देगा, जिससे हर महीने दो-तीन लाख रुपये कमाई होगी। इसके लिए 10 लाख रुपये लगेंगे। 25 जनवरी को उन्होंने 10 लाख रुपये दे दिए। साहिल को रूस पहुंचने पर सत्यवान एजेंट के आदमियों ने रूसी भाषा में लिखे कागजातों पर हस्ताक्षर करवाकर धोखाधड़ी से रूस आर्मी में भर्ती करवाकर रूस-युक्रेन युद्ध में भेज दिया। 11 मार्च को उन्हें सूचना मिली कि साहिल को लड़ाई में गोली लगी है, जो इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल है।
शिकायत के अनुसार सत्यवान ने रूस में काम दिलवाने का झांसा देकर धोखाधड़ी से उसके भाई साहिल को रूस आर्मी में भर्ती करवाया है। प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी का व्यापक पूछताछ के लिए पांच दिन पुलिस रिमांड हासिल किया है।