कैथल। मंगलवार को कुरुक्षेत्र में लगने वाले सूर्यग्रहण के मेले को लेकर रेलवे कुरुक्षेत्र-नरवाना रेल मार्ग चार स्पेशन ट्रेनेंचलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेनें सुबह, दोपहर और शाम के समय चलाई जाएंगी। इसके साथ ही कैथल डिपो में यात्रियों की संख्या के अनुसार बसों को भी जरूरत के अनुसार कुरुक्षेत्र भेजा जाएगा।
गौरतलब है कि इस बार दिवाली पर दो दिन अमावस्या है। इसी बीच दिवाली से अगले दिन मंगलवार को कुरुक्षेत्र के ब्रह्म सरोवर पर विशाल मेला लगेगा।
मेले में पहुंचने वाले लोगों को परिवहन सुविधा देने के उद्देश्य से रेलवे ने यह फैसला लिया है। स्पेशल ट्रेन चलाने को लेकर रेलवे ने पत्र जारी करके जानकारी दी है। रेलवे की तरफ से मंगलवार को चलाई जाने वाली स्पेशल ट्रेनों का प्रत्येक स्टेशन पर पांच मिनट की बजाय महज दो मिनट का ठहराव होगा।
ये रहेगी ट्रेनों की समय-सारिणी :-
जींद से चलने का समय-----कुरुक्षेत्र पहुंचने का समय
सुबह साढ़े नौ बजे दोपहर 12 बजकर 30 मिनट
दोपहर 12 बजे दोपहर तीन बजे
कुरुक्षेत्र से चलने का समय----जींद पहुंचने का समय
शाम पांच बजे रात साढ़े आठ बजे
रात आठ बजकर 50 मिनट रात 11 बजकर 50 मिनट
बसों को भी जरूरत के अनुसार भेजा जाएगा कुरुक्षेत्र
सूर्यग्रहण मेले को देखते हुए रोडवेज विभाग की तरफ से भी कड़े प्रबंध किए गए हैं। इसमें यात्रियों की संख्या के अनुसार बसों का संचालन किया जाएगा। विभाग का कहना है कि यात्रियों की संख्या और मांग के अनुसार बसों का संचालन किया जाएगा ताकि यात्रियों को किसी भी प्रकार की परेशानी न होगा।
गौरतलब है कि शुक्रवार को ही रोडवेज के बेड़े में आठ नई बसें आई हैं। मंगलवार के दिन कुरुक्षेत्र रूट पर बसों के अतिरिक्त फेरे लगवाएं जाएंगे। रोडवेज महा प्रबंधक अजय गर्ग ने बताया कि मंगलवार को कुरुक्षेत्र में लगने वाले सूर्यग्रहण के मेले के लिए अतिरिक्त बसों का प्रबंध किया गया है।
वहीं, रेलवे की तरफ से शुरू की गए ट्रेनों के संचालन को लेकर कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन के अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि रेलवे ने पत्र जारी कर 25 अक्तूबर को कुरुक्षेत्र-नरवाना रेल मार्ग पर कुरुक्षेत्र से जींद व जींद जाने वाली चार स्पेशल ट्रेनों के संचालन करने का निर्णय लिया है। इन ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को अच्छी सुविधाएं मिलेंगी।