कैथल। पीओ व बेल जंपरों की धरपकड़ के लिए चलाई गई मुहिम के तहत पीओ स्टाफ ने अलग-अलग मामलों में चार पीओ आरोपी काबू किए हैं।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि एएसआई राजकुमार ने वर्ष 2019 के दौरान एक दुकान से चोरी करने के मामले में उद्घोषित अपराधी बालाजी काॅलोनी कैथल निवासी आरोपी राजकमल उर्फ कालू को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि आरोपी पर 19 नवंबर 2019 की रात संजोग पैलेस मार्केट स्थित एक मोबाइल दुकान से लैपटॉप, सात हजार रुपये व मोबाइल फोन चोरी करने का आरोप है। आरोपी राजकमल को पुलिस ने उक्त मामले में गिरफ्तार करके न्यायालय में पेश किया था, लेकिन आरोपी जमानत लेने के बाद न्यायालय में दोबारा हाजिर नहीं हुआ था। आरोपी को न्यायालय ने आदेशों की अवहेलना करने के आरोप में तीन फरवरी 2025 को पीओ घोषित कर दिया था।
दूसरे मामले में पीओ स्टाफ के एएसआई रणदेव सिंह की टीम ने जिला फतेहाबाद के नंगल गांव निवासी आरोपी राजू को नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी पर वर्ष 2019 के दौरान थाना कलायत में पशु क्रूरता अधिनियम के तहत केस दर्ज है। आरोपी जमानत हासिल करने के बाद न्यायालय में हाजिर नहीं हुआ। जो आदेशों की अवहेलना करने के आरोप के तहत न्यायालय की ओर से 12 दिसंबर 2023 को पीओ घोषित किया गया था। आरोपी किसी अन्य मामले में हिसार जेल में बंद था, जिसकी उक्त मामले में गिरफ्तारी के लिए न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट जारी करवाए गए थे।
तीसरे मामले में वर्ष 2019 के दौरान चैक बाउंस मामले में पीओ आरोपी दुब्बल निवासी दिलबाग को एचसी कुलदीप ने काबू कर लिया। उसे न्यायालय ने 20 जनवरी 2025 को पीओ घोषित किया था। वर्ष 2019 दौरान के चैक बाउंस के एक अन्य मामले में आरोपी गांव तारागढ़ निवासी पवन को एचसी गुरुदेव ने काबू कर लिया। पुलिस की ओर से नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है।