कैथल। प्लाट के फर्जी दस्तावेज तैयार कर कब्जा करने के आरोप में एक महिला सहित चार लोगों के खिलाफ थाना शहर कैथल पुलिस ने मामला दर्ज किया है। राजेंद्र सेठ कॉलोनी कैथल की मोनिया ने शिकायत में बताया कि उनके पति ने 2005 में पट्टी कायस्थ सेठ से 225 वर्ग गज का प्लाट खरीदा था, जो 2021 में उनके नाम हो गया। इसके बाद चंदाना गांव निवासी आरोपी इकबाल सिंह, शैलेश सिरोही, योगराज और जयप्रकाश ने मिलकर फर्जी दस्तावेज तैयार कर उस पर कब्जा कर लिया और अवैध निर्माण शुरू कर दिया। शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपियों ने सर्वे कंपनी के कर्मचारियों के साथ मिलकर प्लाट की प्रॉपर्टी आईडी का नंबर भी बदल दिया और उसे धमकियां भी दीं। शहर थाना के इंस्पेक्टर राजकुमार ने कहा कि पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। संवाद