संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। एंटी नारकोटिक सेल ने चार नशा तस्करों को काबू किया है। वे करीब 165 किलो चूरा पोस्त को कट्टों में लेकर जा रहे थे। पुलिस टीम ने नशा तस्करी में प्रयुक्त ट्रक और गाड़ी भी जब्त कर ली।
डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि एंटी नारकोटिक सेल प्रभारी एसआई राजबीर सिंह की टीम 17 सितंबर को रात्रिकालीन गश्त के दौरान आंधली गांव क्षेत्र में मौजूद थी। सहयोगी सूत्रों से पुलिस को जानकारी मिली कि चाणचक निवासी माडू राम और करीमनगर (चिचड़वाला), पंजाब निवासी मनजीत सिंह काफी समय से चूरा पोस्त की तस्करी कर रहे हैं। वे मध्यप्रदेश से चूरा पोस्त ट्रकों में मंगवाते और पंजाब के सुनसान रास्तों से अपनी गाड़ी में ले जाते हैं।
पुलिस टीम ने रेडिंग पार्टी का गठन किया। टीम आंधली से बैहरसाहब होते हुए संगतपुरा पहुंची, जहाँ एक ट्रक और एक स्विफ्ट गाड़ी खड़ी मिली। स्विफ्ट गाड़ी के पास दो युवक एक प्लास्टिक कट्टे को पकड़े हुए थे, जिन्हें पुलिस ने काबू कर लिया। उनकी पहचान चाणचक निवासी माडू राम और करीमनगर निवासी मनजीत सिंह के रूप में हुई।
इसके बाद ट्रक चालक गणेशपुरा, जिला अगर मालवा, मध्यप्रदेश निवासी मुकेश सोनिया और रामपुरिया, जिला झालावाड़, राजस्थान निवासी कमल सिंह को भी काबू किया गया। मौके पर डीएसपी सुशील प्रकाश के समक्ष तलाशी लेने पर 6 प्लास्टिक कट्टों से कुल 164 किलो 755 ग्राम चूरा पोस्त बरामद हुआ।
चूरा पोस्त माडू और मनजीत द्वारा मुकेश और कमल के माध्यम से मध्यप्रदेश से लाया जा रहा था। आरोपियों पर थाना सदर में मामला दर्ज किया गया है। सभी को एएसआई नरेंद्र ने गिरफ्तार कर लिया है। नशा तस्करी में प्रयुक्त ट्रक और गाड़ी भी जब्त कर ली गई। आरोपी माडू पर पहले भी नशा तस्करी के मामले दर्ज हैं। सभी से पूछताछ की जा रही है।