संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। ढांड थाने की पुलिस ने दो कैंटरो में पशु तस्करी के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार किए हैं। इनके कब्जे से 47 पशु बरामद करके उन्हें मुक्त करवाया गया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि ढांड थाने के एएसआई सुरेश कुमार की टीम पंचमुखी चौक ढांड के पास मौजूद थी। इस बीच दो आयशर कैंटर तेज रफ्तार व लापरवाही से आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने दोनों कैंटरों को रुकवाया। दोनों कैंटरों में एक-एक व्यक्ति हाथ में डंडा लिए हुए मारपीट करता पाया गया।
पुलिस के मुताबिक, एक कैंटर में पीछे बैठे व्यक्ति की पहचान हुसनपुर कलां मुजफ्फरनगर यूपी निवासी कादिर तथा दूसरे कैंटर में पीछे बैठे व्यक्ति की पहचान मुजफ्फरनगर यूपी के गांव तावली निवासी मोहम्मद फुरकान के रूप में हुई। दोनों कैंटर चालकों की पहचान मलेरकोटला जिला संगरूर पंजाब निवासी मुनीष मोहमद व रामनगर मुंडकी जिला फिरोजपुर पंजाब निवासी हरजिंद्र सिंह के रूप में हुई।
जांच के दौरान एक कंटेनर में भैंस, कटड़ा-कटड़ी सहित 25 पशु व दूसरे कैंटर में 22 पशु क्रूरता से लदान करने पाए गए। सभी आरोपियों के खिलाफ थाना ढांड में पशु क्रूरता अधिनियम तहत मामला दर्ज करके सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
दोनों कैंटरो से 47 पशु बरामद करके सभी पशुओं को रिहा करवाया गया।