कैथल। चीका में सात जनवरी को मेडिकल स्टोर संचालक से नकदी लूट कर ले जाने के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को चार आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर लिया है। इनमें मुनीष कुमार भिवानीगढ़ जिला अलीगढ़ यूपी, सुनील नारा जिला हिसार हाल माता गेट कैथल, विक्रम उर्फ विक्की निवासी टटियाना व विक्रमजीत उर्फ बिट्टू निवासी बलबेहडा रोड चीका शामिल हैं।
पुलिस प्रवक्ता प्रदीप नैन ने बताया कि वकील कॉलोनी चीका के रहने वाले राकेश की शिकायत अनुसार उसकी गुहला रोड पर दवाइयों की दुकान है। सात जनवरी को वह रात करीब आठ बजे अपने भाई पवन के साथ दुकान पर बैठा था। उसी समय तीन अज्ञात युवक मुंह ढक कर स्टोर के अंदर घुसे और उन्हें धमकी देते हुए उनसे लगभग छह हजार रुपये छीन कर फरार हो गए। थाना चीका में यह मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस के मुताबिक, इन सभी को पहले ही जिला पुलिस ने किसी अन्य मामले में गिरफ्तार किए थे और जिला जेल में बंद थे। इनकी उपरोक्त मामले में गिरफ्तारी के लिए प्रोडेक्शन वारंट जारी करवाए गए थे। पूछताछ व कागजी कार्रवाई के बाद आरोपी न्यायिक हिरासत में भेज दिए हैं।
शातिर चोर गिरफ्तार, पांच बाइक और स्कूटी बरामद
कैथल। पुलिस ने पाडला बाइपास से एक शातिर बाइक चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान शिव कॉलोनी कैथल निवासी अनुज उर्फ नुजा (20) के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान उसके पास से पांच बाइक व एक स्कूटी पुलिस ने बरामद की है।
पुलिस पीआरओ प्रदीप नैन ने बताया कि मटौर निवासी दीपक की शिकायत के अनुसार तीन मार्च 2023 की दोपहर कपिल मुनि मंदिर पटवारखाना के पास उसकी बाइक चोरी हो गई थी। थाना कलायत में यह मामला दर्ज कराया था। प्रवक्ता ने बताया कि इस बाइक के साथ पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चार बाइक व एक स्कूटी बरामद की है। आरोपी से पूछताछ जारी है। संवाद