कैथल। जवाहर पार्क में प्रेम प्रसंग के विवाद से जुड़े अपहरण और मारपीट के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार और आरोपियों को काबू किया है।
आरोपियों की पहचान सुमित उर्फ मीतू, साहब सिंह निवासी पाड़ला, राहुल भुक्कल निवासी हंसडेहर और विकास निवासी सौंगल के रूप में हुई है। आरोपियों पर एससी-एसटी एक्ट सहित गंभीर धाराएं जोड़ी गई हैं। इस मामले में तीन आरोपी पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं। इस तरह अब तक सात युवक पुलिस गिरफ्त में आ चुके हैं, जबकि मामले की मुख्य आरोपी युवती अब भी फरार है।
गांव सांघन निवासी पीड़ित मनदीप ने 13 दिसंबर को पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसकी चार साल से एक युवती से दोस्ती थी। पिछले कुछ समय से उनकी अनबन चल रही थी। उसी दिन कैथल बस स्टैंड पर मुलाकात के बाद युवती ने बातचीत के बहाने उसे कोर्ट के पास बुलाया और फिर जवाहर पार्क पहुंचने को कहा। युवक के अनुसार, तभी युवती का भाई अपने साथियों संग वहां पहुंचा और सभी ने मिलकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इसके बाद युवक को जबरन गाड़ी में बैठाकर अगवा कर लिया गया। रास्ते में भी पिटाई की गई। इसी दौरान आरोपियों ने जातिसूचक शब्द कहे और घटना का वीडियो भी बनाया, ताकि उसे डराया और अपमानित किया जा सके।