संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। विधायक सतपाल जांबा ने सोमवार को पूंडरी विधानसभा क्षेत्र में लगभग तीन करोड़ रुपये की लागत से तैयार विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया। उन्होंने 48 लाख 36 हजार रुपये की लागत से बनी फरल से खेड़ी मटरवा सड़क तथा 1 करोड़ 31 लाख 79 हजार रुपये की लागत से तैयार फतेहपुर से खेड़ी मटरवा सड़क का उद्घाटन किया।
इसी प्रकार विधायक जांबा ने 57 लाख 31 हजार रुपये की लागत से खेड़ी मटरवा नहर ब्रिज से डूलयाणी सड़क तथा 63 लाख 58 हजार रुपये की लागत से बुच्ची अप्रोच रोड तक बनने वाली सड़क का शिलान्यास किया।
विधायक सतपाल जांबा ने कहा कि पूंडरी विधानसभा में करोड़ों रुपये के विकास कार्य लगातार जारी हैं। सड़कों के दुरुस्तीकरण और निर्माण कार्यों पर सरकार की समुचित निगरानी है। नई सड़कों के बनने से क्षेत्रीय विकास को और गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि ग्रामीणों द्वारा जहां-जहां से भी सड़क निर्माण और अन्य विकास संबंधी मांगें प्राप्त होती हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है।
शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, जल निकासी और अन्य मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य करवाया जा रहा है।
जांबा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सबका साथ–सबका विकास–सबका प्रयास–सबका विश्वास की नीति पर चलते हुए हर वर्ग के उत्थान के लिए कृतसंकल्प हैं। महिलाओं के सशक्तिकरण हेतु हाल ही में लाखों महिलाओं को दीन दयाल लाड़ो लक्ष्मी योजना का लाभ प्रदान किया गया है।
उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में जगमग योजना के तहत 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। युवाओं को सरकारी नौकरियों में अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए मेरिट आधारित नियुक्तियां की जा रही हैं। खेलों में हरियाणा के युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमकें, इसके लिए खिलाड़ियों को निर्धारित प्रोत्साहन राशि प्रदान की जा रही है।