16-ढांड। नायब तहसीलदार को शिकायत देने के बाद पत्रकारों को जानकारी देते हुए चंदलाना के पीड़ित किसा?
- फोटो : Kaithal
ढांड। चंदलाना में मेरी फसल-मेरा ब्योरा स्कीम के तहत पंजीकरण करवाने गए व्यक्ति के साथ गड़बड़ी सामने आई है। इसकी शिकायत ग्रामीणों ने शुक्रवार को लिखित में नायब तहसीलदार ढांड गौरव शर्मा को दी। ग्रामीण गुलजार सिंह, विजय कुमार, रोशन लाल, सोमदत्त, चरण सिंह, दलजीत सिंह, विनोद कुमार, हरजीत सिंह, लखबीर सिंह, जसप्रीत सिंह, मनजीत सिंह, अशोक कुमार व रामेश्वर ने बताया कि मेरी फसल मेरा ब्योरा स्कीम के तहत जब वे धान की फसल का पंजीकरण करवाने के लिए अटल सेवा केंद्र में पहुंचे तो नहीं हो सका। उसमें लिखा आया कि आपके किला नंबर का पंजीकरण सोनू पटेल नामक व्यक्ति ने करवाया हुआ है।
यह देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्होंने ना तो किसी सोनू पटेल नाम के व्यक्ति को अपनी जमीन ठेके पर दी है और न ही इस नाम का कोई व्यक्ति उनके गांव या आसपास रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि पंजीकरण में सोनू पटेल ने जो मोबाइल नंबर रजिस्टर्ड करवाया हुआ है, वह स्विच ऑफ आ रहा है। इससे उनका पंजीकरण का कार्य अधर में लटका हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें एक ही चिंता सताए जा रही है कि अगर उनकी धान की फसल का पंजीकरण नही हुआ तो वो अपनी धान की फसल को कैसे बेच पाएंगे। किसानों ने मांग की है कि हमारी जमीन का नाजायज तरीके से पंजीकरण करवाने वाले व्यक्ति के साथ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
नायब तहसीलदार ढांड गौरव शर्मा ने कहा कि चंदलाना के किसानों ने उन्हें सोनू पटेल नाम के व्यक्ति के खिलाफ गैर कानूनी तरीके से धान की फसल के लिए अपने नाम पंजीकरण करवाने की शिकायत दी है। कानूनन कोई भी व्यक्ति इस प्रकार से नाजायज तरीके से किसी किसान की जमीन का पंजीकरण नहीं करवा सकता। शिकायत को उच्चधिकारियों के पास भेज दिया जाएगा।