सडक़ का शिलान्यास करते हुए पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर।
गुहला चीका। हांसी-बुटाना लिंक नहर (बीएमएल) के साथ पटियाला रोड से गांव खराल तक बनने वाली पक्की सड़क का शिलान्यास पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर ने किया। करीब 1.44 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली यह सड़क क्षेत्र के विकास में अहम भूमिका निभाएगी। इस मौके पर कुलवंत बाजीगर ने कहा कि सड़क केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि विकास की नींव होती है। इस मार्ग के बनने से खराल के साथ ढंढोता, बदसुई, सिंह और हरिगढ़ गांवों का संपर्क पटियाला रोड से सीधे जुड़ जाएगा।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में क्षेत्र में विकास कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं और यह परियोजना भी उसी कड़ी का हिस्सा है। सड़क का निर्माण 80 एमएम इंटरलॉकिंग पेवर ब्लॉक्स से किया जाएगा, जिससे इसकी मजबूती बढ़ेगी। ग्रामीणों के अनुसार यह मार्ग लंबे समय से जर्जर था, जिससे आवागमन में दिक्कत होती थी। शिलान्यास के दौरान जंगीर सिंह, हरमेल सिंह, जोगा सिंह, प्रदीप वर्मा, चांदी माजरा, बलजीत सिंह व अमरीक सिंह मौजूद रहे। संवाद