किसान नेता गोपी राम के शहीदी दिवस पर गांव कौलेखां में भारतीय किसान यूनियन की महापंचायत का आयोजन किया गया। जहा किसान नेताओं ने शहीद गोपी राम व फतेह सिंह फतुआ को श्रद्धांजलि अर्पित की।
हरियाणा अध्यक्ष रतन मान ने कहा कि केंद्र सरकार ने जो तीन कृषि कानून बनाए हैं वे किसान का किसी सूरत में भी भला नही करते। ये अधूरे कानून हैं जो पूरी तरह से किसान विरोधी हैं तथा इनके चलते किसान अपने ही खेत में बंधुआ मजदूर बन कर रह जाएगा। सरकार को यदि कानून बनाना है तो फसल खरीद व समय पर गारंटी के साथ भुगतान का बनाए, जिससे किसान का भला हो सके। अधूरे कानूनों का किसान लगातार विरोध कर रहे हैं, लेकिन सरकार उस पर कोई संज्ञान ही नहीं ले रही। किसान नेता जोगेंद्र घासी राम ने कहा कि भाजपा सरकार लगातार किसान विरोधी फैसले ले रही है। पराली जलाने पर पांच साल की कैद व एक करोड़ के जुर्माने का जो कानून बनाया गया है वह पूरी तरह से हास्यास्पद है। किसान नेता सतपाल दिल्लोंवाली ने कहा कि केंद्र सरकार ने जो ब्याज पर ब्याज माफी सभी वर्गों को दी है उसके लाभ से किसान को बाहर रखा गया है। यह सरकार की किसान विरोधी नीति को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि किसान को भी इस माफी कानून के दायरे में लेकर पूरा कर्जा माफ किया जाए। किसान नेता जिया लाल ने कहा कि जिन किसानों ने ट्यूबवेल कनेक्शन के लिए पैसे जमा करवा रखे हैं उन्हें कनेक्शन दिए जाएं। किसान नेताओं ने मौके पर एसडीएम को बुला कर अपना मांग पत्र सौंपा। कार्यक्रम में गुरुनाम सिंह सहारण, सुखपाल मोठसरा, महासचिव भूरा राम पबनावा, महेंद्र प्रधान कैथल, जिया लाल ढुंडवा, सुमेर कुंडू हिसार, करनाल से श्याम सिंह, सुरेंद्र, जींद से रामराज व कंडेला से छज्जू राम के अलावा अनेक किसान व किसान नेता मौजूद रहे।