संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। हरियाणा सरकार ने हरियाणा फुटबॉल एसोसिएशन के 19 अगस्त 2024 को हुए चुनावों को अवैध घोषित करते हुए नए सिरे से चुनाव कराने के आदेश जारी किए हैं। इस संबंध में रजिस्ट्रार ऑफ सोसायटीज ने नोटिस जारी किया है और एसोसिएशन पर प्रशासक की नियुक्ति कर दी गई है।
पेरिस इंटरनेशनल ओलंपिक से शतरंज एशिया महाद्वीप के महासचिव ब्रह्मचारी कुलदीप शतरंज ने बताया कि हरियाणा सरकार ने इस मामले की जांच के लिए अधिकारी नियुक्त कर दिए हैं और उन्हें 30 जून 2025 तक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि अखिल भारतीय फुटबॉल फेडरेशन (एआईएफएफ) को भारतीय ओलंपिक संघ और भारत सरकार के खेल मंत्रालय से मान्यता प्राप्त है। एआईएफएफ से ही हरियाणा फुटबॉल एसोसिएशन की संबद्धता भी है। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक कमेटी (आईओसी) के नियमों का पालन आवश्यक है।
परंतु वर्ष 2024 के चुनाव में महिला प्रतिनिधियों को मतदान का अधिकार नहीं दिया गया, जो कि आईओसी के 50 प्रतिशत महिला भागीदारी के नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है। इसके अलावा वित्तीय अनियमितताएं, गलत मतदाता सूची, पारदर्शिता की कमी सहित कई अन्य खामियों के आधार पर चुनाव को अवैध घोषित किया गया है।
राजनीतिक सरगर्मियां तेज, कई बड़े नाम रेस में ः नए चुनावों की घोषणा के साथ ही राजनीतिक हलचलों ने भी रफ्तार पकड़ ली है। भाजपा खेमे से संभावित दावेदारों में प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल कौशिक, शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा, कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा, पूर्व राज्यसभा सांसद डी.पी. वत्स जैसे नाम चर्चा में हैं। वहीं किसी नए चेहरे पर भी दांव खेला जा सकता है।
कांग्रेस खेमे से सांसद दीपेंद्र हुड्डा, पूर्व विधायक रावदान सिंह सहित कुछ नए चर्चित चेहरे भी चुनावी दौड़ में हो सकते हैं। दोनों ही पक्ष अपनी रणनीति को धार देने में जुट गए हैं।