संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। अंबाला रोड स्थित चॉकोलेटिया बेकरी स्टोर में खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच के दौरान अनियमितताएं सामने आई हैं। स्टोर में रखे 50 से 60 तरह के खाद्य उत्पादों पर एक्सपायरी डेट नहीं मिली या उसे मिटाया हुआ पाया गया। इनमें 35 बॉक्स सोया स्टिक्स के थे, जिन पर किसी नुकीली चीज से तारीख खुरची गई थी। इसके अलावा सितंबर में एक्सपायर हो चुका किसान कैचअप भी रसोई में रखा मिला।
विभाग की टीम ने मौके से चार खाद्य उत्पादों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं। खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. अभिषेक शर्मा के अनुसार, सोया स्टिक्स के अलावा चॉकलेट केक, मल्टीग्रेन ब्रेड और किसान कैचअप के सैंपल लिए गए हैं। मल्टीग्रेन ब्रेड के पैकेट पर मैन्युफैक्चरिंग डेट, एक्सपायरी डेट और बैच नंबर अंकित नहीं थे, जबकि कैचअप सितंबर में ही एक्सपायर हो चुका था। स्टोर में कैटबरी की चॉकलेट सहित अन्य उत्पाद भी मिले, जो एक्सपायर हो चुके थे।
शिकायत पर की कार्रवाई : डॉ. अभिषेक शर्मा ने बताया कि विभाग को बेकरी स्टोर के संबंध में शिकायत मिली थी। इसके बाद टीम ने जांच की। विभाग की टीम ने जींद रोड स्थित कृष्णा डेयरी से भी पनीर का सैंपल लिया है। डॉ. अभिषेक शर्मा के अनुसार, डेयरी के संबंध में भी विभाग को शिकायत मिली थी। दोनों प्रतिष्ठानों से लिए गए सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।
- स्टोर पर जांच कर सैंपल लेते खाद्य सुरक्षा अधिकारी व उनकी टीम। विभाग
- स्टोर पर जांच कर सैंपल लेते खाद्य सुरक्षा अधिकारी व उनकी टीम। विभाग
- स्टोर पर जांच कर सैंपल लेते खाद्य सुरक्षा अधिकारी व उनकी टीम। विभाग