महावीर गुड्डू को स्मृति चिह्न व शॉल भेंटकर सम्मानित करते महाविद्यालय प्रबंधन समिति के प्रधान ते
ढांड। बाबू अनंतराम जनता महाविद्यालय कौल में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र के संयुक्त तत्वावधान में अंतर क्षेत्रीय युवा महोत्सव-2026 का आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव में अंबाला, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, कैथल और करनाल जिलों के विभिन्न महाविद्यालयों से आए विद्यार्थी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
महोत्सव में पहुंचे हरियाणवी संस्कृति के संरक्षण और पहचान के लिए कार्य कर रहे पद्मश्री सम्मानित कलाकार महावीर गुड्डू ने विद्यार्थियों को लोक संस्कृति का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि लोक संस्कृति वही होती है, जिसे लोग स्वीकार करते हैं। संस्कृति कभी समाप्त नहीं होती, बल्कि समय के साथ उसमें बदलाव और परिवर्तन होता रहता है। समय की मांग के अनुसार संस्कृति में बदलाव होना भी जरूरी है।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि पांव वहीं रहेगा लेकिन ऊपर का पहनावा बदलता रहेगा। इसी प्रकार समय के साथ बदलाव होते रहेंगे। युवाओं को चाहिए कि वे अपनी कला के माध्यम से संस्कृति को आगे बढ़ाएं। बच्चे गाएं और बजाएं लेकिन गीतों में शब्दों का चयन सही होना चाहिए। यही हमारी संस्कृति और संस्कारों की पहचान है।
इस अवसर पर महाविद्यालय प्रबंधन समिति के प्रधान तेजवीर सिंह ने महावीर गुड्डू को स्मृति चिह्न और शॉल भेंटकर सम्मानित किया। उन्होंने युवा महोत्सव में भाग लेने पहुंचे सभी महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं का आभार जताया।
तेजवीर सिंह ने कहा कि प्रतियोगिताओं में हार-जीत चलती रहती है। विद्यार्थियों को हार से निराश होने के बजाय अपनी कमियों को सुधारना चाहिए और भविष्य में मंच पर पहले से बेहतर प्रस्तुति देने के लिए खुद को निखारना चाहिए।
समाचार लिखे जाने तक महाविद्यालय में विभिन्न प्रतियोगिताएं जारी थीं।