संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिला नागरिक अस्पताल में गर्भवती महिलाओं की समस्या कम होने की बजाय लगातार बढ़ रही हैं। पहले जहां चिकित्सकों की कमी के बीच गर्भवती महिलाओं को अपनी जांच करवाने में काफी इंतजार करना पड़ता है। अब यहां पर इनके लिए कई दवाएं भी खत्म हो चुकी हैं। शिकायत कर बताया कि फोलिक एसिड और आयरन की गोलियां उन्हें मिल नहीं सकीं।
कहा कि, दवा न मिलने से उनकी परेशानी लगातार बढ़ रही है। गौरतलब है कि कुपोषण व एनीमिया से बचाने के लिए गर्भवती महिलाओं को इलाज के दौरान अस्पताल और आंगनबाड़ी केंद्रों में फोलिक एसिड और आयरन की गोलियां दी जाती हैं। यह गोलियां केवल उनके स्वास्थ्य को ठीक करने के लिए दी जाती हैं, लेकिन सामान्य अस्पताल सहित शहर की कुछ आंगनबाड़ी केंद्रों में पिछले करीब एक सप्ताह से फोलिक एसिड व आयरन की गोलियां समाप्त हो चुकी हैं।
फोलिक एसिड की गोलियां शरीर में विटामिन बी9 के निम्न स्तर को रोकती हैं और उसका इलाज करती हैं। यह विटामिन लाल रक्त कोशिकाओं को बनाने में मदद करता है।
आयरन की कमी पर नहीं मिली गोलियां
उसका इलाज पिछले तीन माह से जिला नागरिक अस्पताल में चल रहा है। वीरवार को भी अपनी जांच करवाने के लिए अस्पताल में पहुंची थी। उसे चिकित्सकों की आयरन की कमी बताई है। ऐसे में आयरन की गोलियां लगातार चिकित्सकों की ओर से दी जाती है, लेकिन उसे यह गोलियां नहीं मिली। अब उसे अगले सप्ताह में फिर से केवल इसी काम के लिए आना पड़ेगा। -बाला देवी, शहरवासी, कैथल।
फोलिक एसिड की गोलियां भी नहीं मिली
चिकित्सकों की ओर से पिछले करीब एक सप्ताह पहले ही उसे फोलिक एसिड की गोलियां देना शुरू की थी। अब वीरवार को ही पहुंची थी, लेकिन उसे बताया गया कि आयरन के साथ फोलिक एसिड की गोलियां भी खत्म हो चुकी है। यह अगले सप्ताह में आएंगी। इसके बाद ही उन्हें यह मिलेगी। - सुनीता रानी, कैथल।
जिला नागरिक अस्पताल में गर्भवती महिलओं को फोलिक एसिड व आयरन की गोलियां न मिलने की समस्या की जानकारी मिली है। यदि ऐसी समस्या है तो उसका जल्द ही समाधान करवाया जाएगा। दवाओं की उपलब्धता को लेकर आला अधिकारियों से पत्राचार किया जाएगा, ताकि खासतौर पर गर्भवती महिलाओं को किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो। - डॉ. सचिन मांडले, प्रधान चिकित्सा अधिकारी, जिला नागरिक अस्पताल, कैथल।