कोहरे के चलते तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। मंगलवार को अधिकतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की ओर गिरावट दर्ज की गई। वहीं शीत लहर के कारण सुबह के समय ठिठुरन ज्यादा बढ़ गई है। हालांकि सुबह कोहरे से राहत जरूर मिली। लेकिन रात को कोहरे ने लोगों को खूब परेशान किया।
सोमवार शाम के समय ही कोहरा छाना शुरू हो गया था। रात्रि नौ बजे तक दृश्यता काफी कम थी। देर रात तक घने कोहरे के कारण लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कोहरे के चलते रात को हिसार, चंडीगढ़ जाने वाली बसें निर्धारित समय से देरी से पहुंची। जिस कारण लोगों को काफी इंतजार करना पड़ा। इसके बाद सुबह जब लोग उठे तो शीत लहर का सामना करना पड़ा। शीत लहर के कारण सुबह के समय कोहरा नहीं था। इसके बावजूद करीब दस बजे के बाद ही सूर्यदेव के दर्शन हो पाए। शाम को फिर से कोहरे ने आसमान को आगोश में ले लिया।
मौसम वैज्ञानिक डा. चंद्रशेखर डागर ने बताया कि अगले कुछ दिनों तक कोहरा छाया रहेगा। मंगलवार को अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहा तो न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस रहा।