कलायत। खरीद केंद्र से 88 कट्टे गेहूं चुराने के पांच आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उन पांचों के पास से गेहूं के 42 कट्टे भी बरामद किए हैं। थाना प्रभारी विलासा राम ने बताया कि 27 अप्रैल की रात्रि में अज्ञात चोरों ने कलायत के बाल विकास स्कूल परिसर में बने गेहूं खरीद केंद्र से 88 गेहूं के बैग चुरा लिए थे। मैसर्ज चिरंजी लाल ईश्वर दास फर्म के रमेश कुमार द्वारा इस संबंध में कलायत थाना में शिकायत दर्ज करवाई गई थी। सूचना मिलते हुए कलायत पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी व शक के आधार पर कलायत की सैंसी बस्ती में कुछ घरों पर छापे मारे गए। यहां से कुछ कट्टे बरामद भी किए गए। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में महावीर, राजबीर, बिजेंद्र, विक्रम व सुभाष शामिल हैं। ये सभी लोग कलायत के निवासी हैं। उन्होंने बताया कि सभी पांच आरोपियों को बुधवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।