संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। शहर में गेहूं खरीद सीजन को लेकर प्रशासन और मार्केट कमेटी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। किसानों की सुविधा के लिए शहर में पांच खरीद केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने का काम लगभग पूरा कर लिया गया है, ताकि खरीद शुरू होते ही किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
मंडियों में सड़क, शौचालय, पेयजल और कैंटीन जैसी मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त किया गया है। अधिकारियों के अनुसार मंडी परिसर में सफाई अभियान भी चलाया गया है और किसानों के बैठने व अनाज रखने के लिए शेड के नीचे पर्याप्त स्थान उपलब्ध कराया गया है।
इसके साथ ही मंडी में शेड के नीचे रखा धान का पुराना स्टॉक भी हटवा दिया गया है, ताकि गेहूं की आवक के समय जगह की कमी न हो। वहीं खरीद कार्य के लिए बारदाना भी मंडी में पहुंचना शुरू हो गया है।
हालांकि अभी ट्रांसपोर्ट और लेबर से संबंधित टेंडर प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही यह प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी, ताकि गेहूं की खरीद और उठान में किसी प्रकार की बाधा न आए। दूसरी ओर प्रशासन का दावा है कि खरीद सीजन के दौरान किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी और गेहूं की खरीद सुचारु रूप से की जाएगी।