कैथल। गांव पीडल में साझी दीवार के लिए 10 जून की रात को हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रेम, मेनपाल, सोहनलाल, रमनदीप और सुमित राणा को नामजद करते हुए जांच शुरू कर दी है। घटना में एक युवती सहित कई लोग घायल हुए थे, जिनका उपचार नागरिक अस्पताल में कराया गया।
पुलिस को दी शिकायत में गांव पीडल निवासी ऋतु ने बताया कि उनके परिवार और चाचा पक्ष के बीच एक साझी दीवार है जिसे उनके दादा ने बनवाया था। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोग दीवार को तोड़ रहे थे। जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपियों की महिलाओं ने उसके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए बाल पकड़ लिए और ईंटों से हमला कर दिया।
शिकायत के अनुसार मौके पर मौजूद अन्य आरोपियों ने लाठियों और गंडासियों से हमला किया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। हमले में उसके सिर पर चोट लगी, जबकि उसके पिता वेदप्रकाश और माता भी घायल हो गए। घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। दूसरे पक्ष के सोहनलाल ने पहले लगाए गए आरोपों को निराधार बताते हुए कहा था कि विवाद की शुरुआत उनके घर में पड़ोसी का कुत्ता घुसने से हुई थी। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में झगड़ा बढ़ गया।