कैथल। खेड़ी रायवाली में होली पर रात को एक विवाद में कार्रवाई करने गई पुलिस टीम पर हमला करने के पांच आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल, सोमवार को खेड़ी रायवाली वासी एक दलित महिला से उसका पड़ोसी और उसके रिश्तेदार झगड़ा कर रहे थे और पुलिस इसी मामले में कार्रवाई करने गई थी। इस दौरान बीचबचाव करने के दौरान पांचों आरोपियों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया था। सभी के खिलाफ मारपीट करने, पुलिस ड्यूटी में बाधा डालने के आरोप में मामला दर्ज है।
पुलिस प्रवक्ता रोशन लाल खटकड़ ने बताया कि रात करीब 10 बजे खेड़ी रायवाली वासी महिला की सूचना पर एएसआई ईश्वर सिंह की टीम सरकारी गाड़ी में वहां पहुंचे तो महिला से उसका पड़ोसी दलीप, उसके तीन बेटे तथा रिश्तेदार गाली गलौच और झगड़ा कर रहे थे।
मौके पर मौजूद गांव का पंच बालकिशन भी उन्हें उकसा रहा था। पुलिस ने बीचबचाव किया तो उन्होंने कर्मचारियों का गला पकड़कर जान से मारने की धमकी देने लगे तथा आरोपी जोगिंद्र ने ईंट उठाकर सरकारी गाड़ी का अगला शीशा तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते हुए सब इंस्पेक्टर सुभाष चंद की टीम में एएसआई नरेंद्र सिंह, सुल्तान सिंह, हेड कांस्टेबल जसवंत सिंह घटना स्थल पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी जोंगिद्र, मोहिंद्र, बलबीर (तीनों सगे भाई), सोनू वासी खेड़ी रायवाली तथा थाना असंध के खेड़ा वासी उनके बहनोई सोनू को गिरफ्तार किया है, जिन्हें अदालत के आदेश अनुसार 14 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
मारपीट और धमकी देने के सात आरोपी काबू
वहीं, दूसरी ओर पुलिस ने मारपीट और धमकी देने के दो मामलों में वांछित सात आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस प्रवक्ता रोशन लाल खटकड़ ने बताया कि कलायत पुलिस के एएसआई सतबीर सिंह ने आरोपी दर्शन, विनोद, वजीर व प्रदीप वासी सजुमा को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों ने नौ मार्च को पुरानी रंजिश के चलते बिट्टू वासी सजूमा से मारपीट की थी। दूसरे मामले में थाना गुहला पुलिस के एएसआई सतपाल ने दाबनखेड़ी वासी कश्मीर सिंह के साथ सात मार्च को मारपीट करने के आरोप में आरोपी लखविंद्र और उसके दो बेटों शमशेर सिंह तथा रेशम सिंह को काबू कर लिया है।