संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। युवक का अपहरण कर पिटाई करने के मामले में थाना तितरम पुलिस और सीआईए-1 की टीम ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की परेड भी कराई। प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा सामने आया है।
सीआईए-1 प्रभारी एसआई जसवंत सिंह ने बताया कि गांव सिसला निवासी विवेक की शिकायत के अनुसार 8 मई की शाम करीब 5:30 बजे वह अपने दोस्त के साथ बाइक पर सिसला से सिसमौर जा रहा था। जब वह सिसमौर में एक
हलवाई की दुकान के पास पहुंचा तो वहां खड़ी सफेद रंग की स्विफ्ट कार से गांव का ही मोहित उतरा और उसकी पिटाई शुरू कर दी।
आरोप है कि मोहित के साथ मौजूद सचिन उर्फ चीना उर्फ पाई ने भी उसके साथ थप्पड़ और मुक्कों से पीटा। इसके बाद दोनों उसे जबरन कार में बैठाकर कैथल के सेक्टर-18 स्थित एक कॉलोनी में ले गए, जहां उन्होंने अपने दो अन्य साथियों को भी बुला लिया।
विवेक की शिकायत के अनुसार, वहां आरोपियों ने कार के हेडरेस्ट और हाथ-मुक्कों से उसे पीटा और जबरन वीडियो भी बनाया।
विवेक ने आरोप लगाया कि इसके बाद आरोपी उसे चंदाना वाली नहर पर ले गए, जहां पहले से दो युवक प्लास्टिक पाइप लेकर मौजूद थे। वहां दोबारा उसके साथ मारपीट की गई। आरोप है कि इसी दौरान मोहित ने उसकी सोने की मुरकी भी छीन ली। विवेक के अनुसार, आरोपी उसे घायल अवस्था में वापस सिसमौर छोड़ गए और पुलिस में शिकायत करने पर परिवार को जान से मारने की धमकी दी। बाद में उसे सिविल अस्पताल कैथल में भर्ती कराया गया। मामले में थाना तितरम में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
पुलिस ने जांच के दौरान आरोपी सचिन उर्फ चीना उर्फ पाई, चेतन, सोनू, सिसला निवासी मोहित और चंदाना निवासी आशीष को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि पीड़ित विवेक और आरोपी मोहित के बीच रंजिश थी, जिसके चलते कथित तौर पर वारदात को अंजाम दिया गया।
सभी आरोपियों को बुधवार को अदालत में पेश किया जाएगा। मामले में गहन पूछताछ जारी है और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। -जसवंत सिंह, एसआई, सीआईए-1 प्रभारी