संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। महर्षि वाल्मीकि संस्कृत विश्वविद्यालय में 19 मार्च को दीक्षांत समारोह का आयोजित किया जाएगा। विवि प्रबंधन की ओर से इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस कार्यक्रम में राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बंडारू दत्तात्रेय मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। यह जानकारी विवि के कुलपति प्रो. रमेश चंद्र भारद्वाज ने दी है।
उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम बुधवार को सुबह 11 बजे आरकेएसडी कॉलेज के सभागार में होगा। संस्कृत विश्वविद्यालय मूंदड़ी का यह पहला दीक्षांत समारोह होगा। भारद्वाज ने कहा कि यह समारोह विश्वविद्यालय के लिए ऐतिहासिक क्षण होगा।
इससे कॉलेज के लिए आगामी समय में विकास के शिखर पर पहुंंचेंगे। दीक्षांत समारोह में 131 विद्यार्थियों को स्नातक (शास्त्री/बीए) और 396 को स्नातकोत्तर (आचार्य/एमए) उपाधियां प्रदान की जाएंगी।
परीक्षा नियंत्रक प्रो. भाग सिंह बोदला ने बताया कि जो विद्यार्थी सत्र 2021 से 2024 के दौरान शास्त्री/बीए या आचार्य/एमए कार्यक्रमों की सभी परीक्षाओं में उत्तीर्ण हुए हैं। जिन युवाओं ने दीक्षांत समारोह के लिए पंजीकरण करवाया है उन्हें उपाधियां प्रदान की जाएंगी । इसमें कुल 527 विद्यार्थियों को उपाधि प्रदान की जाएगी तथा कुल 38 सर्वोत्कृष्ट विद्यार्थियों को
उनके उत्कृष्ट शैक्षिक प्रदर्शन के लिए स्वर्ण पदक से सम्मानित
किया जाएगा।
सभागार में प्रवेश के लिए सभी पंजीकृत छात्रों एवं आमंत्रित अतिथियों को निमंत्रण पत्र साथ लेकर आना आवश्यक है।