कैथल। दिवाली पर आतिशबाजी के दौरान जिले में आग लगने की 20 घटनाएं सामने आईं। अलग-अलग स्थानों पर लगी आग से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। कहीं मकान की रसोई में आग लगी तो कहीं खेतों, तूड़ी के कूप, बिटोड़ों और दुकानों में आग पहुंच गई। राहत की बात यह रही कि किसी भी घटना में कोई व्यक्ति हताहत नहीं हुआ। दमकल विभाग की टीमों ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
दमकल विभाग के आंकड़ों के अनुसार कैथल शहर में सबसे अधिक 10 घटनाएं हुईं। इसके अलावा पूंडरी और कलायत में तीन-तीन, चीका में दो और राजौंद व सीवन में एक-एक शिकायत मिली। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार ज्यादातर घटनाएं पटाखों की चिंगारी के कारण हुईं, हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हुई है।
कई स्थानों पर लोगों ने खुद ही आग बुझा ली जबकि अधिकतर घटनाओं की जगहों पर दमकल की गाड़ियां भेजी गईं। फायर स्टेशन इंचार्ज राजकुमार ने बताया कि दिवाली को देखते हुए विभाग की गाड़ियां और कर्मचारी अलर्ट थे। सूचना मिलते ही टीमें मौके पर पहुंचीं। सभी घटनाओं में आग पर काबू पा लिया गया।