कैथल। दिवाली के दिन पटाखों के कारण जिले में दो जगहों पर आग लगने की घटनाएं हुईं। पहली घटना शहर के रेलवे गेट स्थित कबाड़ी की दुकान और दूसरी गांव पिलनी में खेतों में लगाए गए दो कूप जल गए।
दमकल विभाग के इंचार्ज सुरेंद्र कुमार ने बताया कि दिवाली की रात करीब आठ बजे सूचना मिली कि शहर के रेलवे रोड पर कबाड़ी की दुकान में आग लग गई है। दुकान मालिक हंसराज ने फोन किया था। दमकल विभाग के कर्मियों की हड़ताल के चलते रोडवेज चालक दमकल की गाड़ी को चलाकर घटना के स्थान पर पहुंचा। जबकि होम गार्ड के कर्मियों ने आग बुझाने का कार्य किया। इस दौरान दमकल विभाग का एक नियमित कर्मचारी और इंचार्ज सुरेंद्र कुमार भी मौजूद रहे।
इसी प्रकार दूसरी घटना पिलनी गांव में हुए। डायल 112 पर रात करीब 10 बजे आग लगने की सूचना मिली। दमकल गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर जल रहे दो कूपों की आग को बुझाया। कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है। इस आग को बुझाने में ड्यूृटी पर लगाए गए रोडवेज विभाग के चालक व होमगार्ड कर्मी का काफी सहयोग रहा।