कुतुुबपुर रोड स्थित रेलवे अंडर पास के नजदीक सोमवार शाम के समय अचानक टायर साफ करने वाले तेल की फैक्टरी में आग लग गई। जब आग लगी तो फैक्टरी के अंदर एक तेल का टैंकर खड़ा थो, जो आग की भेंट चढ़ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि फैक्टरी में टायर साफ करने का तेल रखा हुआ था। जिसमें सोमवार शाम करीब छह बजे अचानक आग लग गई। थोड़ी ही देर में पूरी फैक्टरी का भवन आग की चपेट में आ गया। आग इतनी भयानक थी कि पूरा भवन जलता हुआ दिखाई देने लगा। फैक्टरी के छप्पर के चारों ओर से निकल रही आग की लपटों व धुएं को देखकर लग रहा था कि अंदर काफी बड़ी मात्रा में ज्वलनशील पदार्थ है।
दमकल कर्मियों ने बताया कि पंद्रह गाड़ियों के फेरे की मदद से आग पर काबू पाया गया। फैक्टरी के अंदर से 70 हजार रुपये नकदी सहित अन्य कागजात बरामद हुए हैं। लेबर आग लगने पर बाहर निकल गई।
दूर तक दिखाई दे रही थीं आग की लपटें
आग की लपटें इतनी भीषण थी कि कई किलोमीटर दूर तक लपटें दिखाई दे रही थीं। साथ ही धुएं का गुबार उठा हुआ था। जिसे देखने के लिए आस-पास से भारी संख्या में लोगों की भीड़ भी जुटी हुई थी। आग के कारणों के बारे में जानकारी नहीं मिल पाई। पुलिस को भीड़ को संभालने के लिए मशक्कत का सामना करना पड़ा।
एसएचओ सिटी शिव कुमार ने बताया कि पता लगाया जा रहा है कि यह फैक्टरी किसकी है और इसके अंदर क्या सामान था। मामले में जो भी नियमानुसार कार्रवाई होगी, वह की जाएगी। अभी पता लगाया जा रहा है कि फैक्टरी मालिक कौन है।