करनाल रोड पर स्थित भारतीय स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की मुख्य शाखा में वीरवार को आग लग गई। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
गौरतलब है कि दो माह के अंतराल में बैंक में दूसरी मर्तबा आग की घटना हुई है। बैंक के मैनेजर ने बताया कि आग से ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है। लेकिन बैंक में वीरवार को करीब दो घंटे तक काम प्रभावित रहा। वहीं, दमकल विभाग की गाड़ी की सहायता से आग पर काबू पाया गया।
शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े बारह बजे भारतीय स्टेट बैंक की करनाल रोड स्थित शाखा में धुंआ उठता देख किसी ने बाहर से ही दमकल विभाग को फोन कर दिया। इसी बीच धुएं के चलते बैंक का अलार्म भी बज उठा। जिस पर एक बार तो बैंक में हड़कंप मच गया।
बाद में अधिकारियों को पता चला कि बैंक के पिछले हिस्से में बेकार पड़े सामान में आग लगी है। इससे एक एयरकंडीशनर भी जल गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ी भी मौके पर पहुंची तथा बैंक के पिछले हिस्से की साइड से ही पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया।
आग के चलते मुख्य मार्ग पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों का कहना था कि आखिरकार इसी बैंक में आगजनी की लगातार वारदात क्यों हो रही हैं। करीब दो माह पूर्व भी बैंक में आग से काफी नुकसान हुआ था।
व्यर्थ सामान जल गया : मैनेजर
शुक्रवार को बैंक के जिस हिस्से में आग लगी, वह काफी पीछे था। जिसमें आग कैसे लगी, यह भी अपने आप में जांच का विषय है।
घटना के काफी देर तक बैंक का मुख्य द्वार भी बंद रहा। बैंक के मैनेजर राजकरण का कहना है कि बैंक के पिछले हिस्से में व्यर्थ सामान पड़ा है। बैंक अधिकारी अपने कार्यों में व्यस्त थे। इसी बीच किसी ने बीड़ी जलाने के बाद इसे व्यर्थ सामान में फेंक दिया। जिसके चलते आग लग गई। आग से कोई ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है। न ही बैंक के कामकाज पर असर पड़ा है। बैंक में आगजनी से निपटने के लिए सारे उपाय किए गए हैं।
जींद बाइपास रोड पर मिल में आग
जींद रोड बाइपास नाके के निकट एक मिल में भी आग लग गई। दमकल विभाग गाड़ी ने मौके पर आग पर काबू पाया। मिल मालिक ने घटना के बारे में बताने से इंकार कर दिया। लेकिन आग से मिल का एक खाली पड़े प्लाट में रखा गया सामान जलकर राख हो गया।