संवाद न्यूज, एजेंसीकैथल। गुहला थाना क्षेत्र में दो लोगों की फर्जी प्रॉपर्टी आईडी तैयार कराकर रजिस्ट्री कराने और जमीन पर धोखाधड़ी से कब्जा करने का प्रयास किया गया है। पुलिस को दी शिकायत में गांव मलिकपुर (डेरा) निवासी बलविंद्र सिंह तथा गांव मंडी सदरा निवासी गुरविंद्र सिंह ने बताया कि वर्ष 2011 में उन्होंने खुशहाल माजरा क्षेत्र में 6 कनाल 6 मरला भूमि खरीदी थी, जिसका इंतकाल भी उनके नाम दर्ज हो चुका है और भूमि का कब्जा भी उन्हें मिल गया था।
इस भूमि का एक हिस्सा अधिकृत कॉलोनी तथा दूसरा हिस्सा अनधिकृत क्षेत्र में है और दोनों की अलग-अलग प्रॉपर्टी आईडी उनके नाम दर्ज हैं। शिकायत में आरोप लगाया गया कि चीका निवासी प्रॉपर्टी डीलर मुख्त्यार सिंह, अंकिता ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर एक अन्य स्थान पर बने मकान की लोकेशन के आधार पर नई प्रॉपर्टी आईडी अपने नाम बनवा ली। इसके बाद उसी आधार पर 22 मई को संबंधित भूमि की रजिस्ट्री भी करवा ली। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि फर्जी रजिस्ट्री का सहारा लेकर आरोपी उनकी अनधिकृत कॉलोनी में स्थित जमीन पर कब्जा करने पहुंचे।
विरोध करने पर उन्होंने 112 हेल्पलाइन पर सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने कब्जे के प्रयास को रुकवाया। शिकायतकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और झूठे मुकदमे में फंसाने की भी चेतावनी दी।
शिकायतकर्ता ने बताया कि रजिस्ट्री अधिकृत कॉलोनी की जमीन की कराई गई, जबकि आरोपी उसका इस्तेमाल दूसरी जमीन पर कब्जा करने के लिए कर रहे हैं। साथ ही फर्जी प्रॉपर्टी आईडी तैयार कराने में नगरपालिका अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत होने का भी आरोप लगाया गया है। गुहला थाना प्रभारी रणदीप सिंह ने बताया कि जांच उप पुलिस अधीक्षक से मंजूर होने के बाद गुहला थाना में प्राप्त हुई। आरोपी प्रॉपर्टी डीलर मुख्त्यार सिंह, अंकिता के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।