कैथल। सिविल लाइन थाना पुलिस ने मारपीट, अपहरण के प्रयास और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में अभिषेक, मनप्रीत समेत 12 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। सिविल लाइन थाना पुलिस को दी शिकायत में पाई निवासी संदीप ने बताया कि उनके बेटे भूपेश और उसके दोस्त ने 2 अक्तूबर को अभिषेक निवासी जयसिंहपुरा, जिला करनाल को स्कॉर्पियो किराये पर दी थी। 4 अक्तूबर को गाड़ी नैनीताल के पास खाई में गिर गई थी। गाड़ी निकलवाकर कैथल लाने में करीब 1.20 लाख रुपये खर्च हुए। शिकायतकर्ता के अनुसार 10 अक्तूबर को अभिषेक, मनप्रीत और उनके साथी तीन गाड़ियों में सवार होकर भगत सिंह मार्केट स्थित कार्यालय पहुंचे। आरोपियों ने भूपेश के साथ मारपीट की और उसे जबरन गाड़ी में डालकर ले जाने का प्रयास किया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की जांच शुरू कर दी है।