कैथल। गांव नरड़ मेडिकल कॉलेज के पीछे खेतों में गैस पाइपलाइन रिसाव की घटना मामले में पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली। यह कार्रवाई इंडियन ऑयल के प्रबंधक दीपक बेदिया की शिकायत पर तितरम थाना पुलिस ने की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और रिसाव के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। दीपक बेदिया ने बताया कि 29 मई को गांव नरड़ के पास खेतों से गुजर रही गैस पाइपलाइन में रिसाव होने की सूचना मिली थी। पाइपलाइन की निगरानी कर रहे सुरक्षा गार्ड ने सबसे पहले गैस रिसाव की आशंका महसूस की और तुरंत उसने सूचना दी। सूचना मिलते ही इंडियन ऑयल की तकनीकी टीम, प्रशासनिक अधिकारी तथा फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई थी। सुरक्षा के मद्देनजर पाइपलाइन की आपूर्ति को तत्काल पीछे से बंद कर दिया गया था, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके। कर्मचारियों ने पूरे क्षेत्र में खुदाई कर पाइपलाइन की जांच की। जांच में अज्ञात की ओर से पाइप लाइन के साथ छेड़छाड़ की पुष्टि हुई। उसके बाद पुलिस काे सूचना दी है। जांच अधिकारी एसआई संजय ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।