कैथल। टयोंठा गांव में पानी की निकासी पर हुए विवाद में पुलिस ने दोनों पक्षों के 12 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आरोपियों में छह महिलाओं के नाम भी शामिल हैं। झगड़े में दोनों पक्षों के छह लोग घायल हुए थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एक पक्ष की महिला कृष्णा देवी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 5 मई को वह घर का फर्श धो रही थी। इस दौरान पड़ोस में रहने वाले प्रदीप, कृष्ण, सुमन, सीमा, शिवांशु, मयंक और संतोष वहां पहुंचे और गंदा पानी उनकी ओर आने की बात कहकर विवाद करने लगे। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बाद वे गंडासी और लाठियां लेकर आए और परिवार पर हमला कर दिया जिससे कई लोग घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष के कृष्ण कुमार ने शिकायत में कहा कि पड़ोस के श्रवण कुमार, शिवम, मामो देवी, कृष्णा और अन्य लोगों ने उन पर गंडासी व लाठियों से हमला किया। इस हमले में उनके परिवार के सदस्यों को चोटें आईं। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे जिसके बाद आरोपी वहां से भाग गए।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पूंडरी थाना के एसएचओ शिवकुमार ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर 12 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।