संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। शहर की एक महिला ने अपने भाई और मां पर फर्जी हस्ताक्षर कर एलआईसी पॉलिसियों की राशि हड़पने का आरोप लगाया है। महिला ने करीब 1.52 लाख रुपये की धोखाधड़ी होने की शिकायत पुलिस को दी है। शहर थाना पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हुडा सेक्टर-19 पार्ट-1 निवासी संदीप कौर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने 30 मार्च 2026 को सतिंद्र सिंह और परमजीत कौर के खिलाफ शिकायत दी थी। इसके बाद वह अपनी बीमा पॉलिसियों की जानकारी लेने के लिए एलआईसी कार्यालय कैथल पहुंची।
वहां उसे पता चला कि उसके नाबालिग रहने के दौरान उसकी दो बीमा पॉलिसियां उसकी माता और भाई ने अभिभावक (प्रपोजर) के रूप में सरेंडर करवा दी थीं। इन पॉलिसियों की कुल राशि 83 हजार 581 रुपये थी। इसका चेक 20 अक्तूबर 2010 को जारी किया गया था और दो नवंबर 2010 को राशि निकाल ली गई। महिला ने आरोप लगाया कि तीसरी पॉलिसी संख्या 172187501 को भी उसकी गैरमौजूदगी में सरेंडर कराया गया। आरोप है कि उसके भाई सतिंद्र सिंह ने फर्जी हस्ताक्षर कर एलआईसी कार्यालय में दस्तावेज जमा किए और पॉलिसी की 69 हजार 312 रुपये की सरेंडर वैल्यू अपने कब्जे में ले ली। यह राशि 16 मई 2014 को भारतीय स्टेट बैंक, सीवन स्थित संयुक्त खाते में एनईएफटी के माध्यम से भेजी गई थी।
संदीप कौर का कहना है कि उस समय वह अपनी ससुराल में रह रही थी और उसे इस पूरे लेनदेन की कोई जानकारी नहीं दी गई। वर्ष 2019 में मायके लौटने के बाद उसे मामले की जानकारी मिली। इसके बाद उसने आरटीआई के माध्यम से एलआईसी से संबंधित दस्तावेज प्राप्त किए, जिनसे कथित धोखाधड़ी का खुलासा हुआ।
महिला ने पुलिस से मांग की है कि उसके और उसके भाई के हस्ताक्षरों तथा लिखावट की जांच मधुबन लैब से करवाई जाए, ताकि मामले की सच्चाई सामने आ सके। उसने मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामले के जांच अधिकारी एएसआई राजीव कुमार ने बताया दोनों आरोपी सतिंद्र सिंह और परमजीत कौर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।