टू व्हीलर के लोन को लेकर हुई कहासुनी में युवकों ने एजेंसी के एमडी और उसके बेटे पर लोहे की रॉड व डंडों से हमला कर दिया। जिसमें दोनो घायल हो गए। मामले में पुलिस ने करीब 16 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। हुडा सेक्टर 19 पार्ट-1 निवासी गुरसिमरन ने सिविल लाइन थाना में शिकायत दी कि उनकी अंबाला रोड कैथल पर भारत टीवीएस की एजेंसी है। एजेंसी में वह अपने पिता व 10-12 कर्मचारियों के साथ बैठता है। एजेंसी में राहुल कुरुक्षेत्र से और गौरव असंध से आता है। राहुल और गौरव के साथ पिछले सप्ताह टू व्हीलर के लोन का केस करने पर उनकी कहा सुनी हो गई थी। दोनों ने तैश में आकर उसे अपशब्द कहकर चले गए। चार सितंबर को दोपहर के समय गौरव, राहुल, रामदास व अन्य 10-12 लड़के दो गाड़ियों और मोटरसाइकिलों पर आए। उनके हाथों में डंडे व लोहे की रॉड थी। आरोपियों ने भी दोनों को पीटा और घड़ी व गले से सोने की चेन छीन कर ले गए। शोर मचाने पर आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस ने केस दर्ज कर एसआई सुखबीर को मामले की जांच सौंपी है।