कैथल। सीआईए-वन की टीम ने सूदखोरी, धोखाधड़ी और दबाव डालकर संपत्ति हड़पने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पांचवें आरोपी बाता गांव निवासी मोहन को गिरफ्तार कर लिया है। अब तक इस प्रकरण में पांच लोग पुलिस के शिकंजे में आ चुके हैं। डीएसपी बीर भान ने बताया कि कुलतारण निवासी गुरमीत की शिकायत के अनुसार कुछ लोग मिलकर सूदखोरी का अवैध धंधा चला रहे थे। ये जरूरतमंदों को 10% मासिक ब्याज पर कर्ज देते और फिर दबाव बनाकर उनकी संपत्ति हड़प लेते। शिकायत में आरोप लगाया गया कि आरोपियों ने गुरमीत और उसके भाई दीपक को अपने जाल में फंसा लिया। ब्याज वसूली के नाम पर उन्होंने दोनों भाइयों से दो ट्रैक्टर, एक कंबाइन मशीन, खेती-बाड़ी के उपकरण, जेवरात और यहां तक कि मकान तक अपने नाम करवा लिया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने दीपक को ऑफिस में बंधक बनाकर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी और डर के माहौल में पीड़ित के पिता से मकान का एग्रीमेंट भी लिखवा लिया। थाना शहर में दर्ज मामले की जांच सीआईए-वन प्रभारी एसआई जसवंत के नेतृत्व में एएसआई प्रदीप कुमार की टीम कर रही है। कार्रवाई के दौरान गांव बाता निवासी मोहन को गिरफ्तार कर लिया गया और उसके कब्जे से एक कंबाइन मशीन बरामद की गई। संवाद