संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। सर्दी का मौसम शुरू होते ही शहर के बाजारों में कंबलों की मांग तेजी से बढ़ गई है। तापमान में लगातार गिरावट के बीच लोग गर्माहट की तलाश में कंबलों की दुकानों का रुख कर रहे हैं। बाजार में इस समय कंबलों की भरमार है और हल्के-फुल्के, मोटे, फाइबर तथा डिजाइनर कंबलों की विविधता ग्राहकों को आकर्षित कर रही है।
दुकानदार वरुण कुमार और पवन के अनुसार इस सीजन में कंबलों की कीमतों में पहले की तुलना में थोड़ा उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। बाजार में 350 रुपये से लेकर 2000 रुपये तक के कंबल उपलब्ध हैं, जिससे हर बजट के लोगों को उपयुक्त विकल्प मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि कम कीमत वाले कंबल जहाँ साधारण क्वालिटी के हैं, वहीं 1500 रुपये से अधिक कीमत में मिलने वाले फाइबर और डिजाइनर कंबल अधिक गर्माहट देने के कारण ग्राहकों की पसंद बन रहे हैं। तापमान गिरने के साथ शहर के बाजार इन दिनों पूरी तरह गुलजार नजर आ रहे हैं।
अग्रवाल हैंडलूम के दुकानदार वरुण कुमार ने बताया कि इस बार ग्राहकों की पसंद में काफी बदलाव देखने को मिल रहा है। किसी को हल्का कंबल चाहिए तो किसी को मोटा। बच्चों, बुजुर्गों और युवाओं के लिए भी अलग-अलग डिजाइन और साइज़ उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि फाइबर और फ्लैनल कंबलों की मांग सबसे ज्यादा है, क्योंकि ये हल्के होने के बावजूद अधिक गर्माहट देते हैं। इसके अलावा घरेलू ग्राहकों के साथ-साथ हॉस्टल और पीजी में रहने वाले युवक-युवतियां भी खरीदारी कर रहे हैं।