कैथल। भ्रूण जांच मामले की तफ्तीश करते हुए सीआईए-1 की टीम ने आरोपी अमरगढ़ गामडी निवासी मनीष को गिरफ्तार कर लिया है। विदित रहे कि इस मामले में एसपी दो पुलिस सहायक निरीक्षकों को निलंबित कर चुके हैं।
कैथल के नोडल अधिकारी डॉ. गौरव पूनिया की शिकायत के अनुसार जिला सामुचित प्राधिकारी गुरुग्राम को गुप्त सूचना मिली थी कि कैथल निवासी मनीष नाम का व्यक्ति गुरुग्राम तथा कैथल से गर्भवती महिलाओं को उत्तर प्रदेश में ले जाकर उनके गर्भ में पल रहे भ्रूण की लिंग जांच करवाने का काम करता है। इसके लिए एक फरवरी को गुरुग्राम सिविल सर्जन ने कैथल स्वास्थ्य विभाग को सूचित करने को कहा, इसके बाद मनीष नामक व्यक्ति से संपर्क किया। उसने इस काम के लिए 50 हजार रुपये मांगे।
इसके बाद आठ फरवरी की तारीख तय हुई। जिसे आरोपी ने बदल दिया। फिर 16 फरवरी को सुबह गुरुग्राम पुलिस कैथल पहुंची, यहां से कैथल की टीम एक गर्भवती महिला व एक दलाल बलबीर को साथ लेकर सहारनपुर उत्तर प्रदेश गई। जहां महिला के गर्भ की जांच की गई और इसके बाद कैथल आकर एक अन्य युवक को गिरफ्तार किया गया। चूंकि आरोपियों को पुलिस ने थाने से ही जमानत दे दी थी। इस पर एसपी ने दो पुलिस कर्मचारियों को निलंबित किया था। अब इस मामले में आरोपी मनीष को गिरफ्तार किया गया है। मनीष को न्यायालय में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है।